बंद घर को बनाया निशाना, वेंटिलेटर तोड़कर घुसे चोर; जीआरपी एसआई के घर से लाखों के जेवरात पार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 अक्टूबर जामताड़ा। जामताड़ा शहर के राजबाड़ी मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण समेत कई सामान चोरी कर लिए। घटना से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चोरी की वारदात जिस घर में हुई, उसके गृहस्वामी सुभाष मुर्मू धनबाद रेल जीआरपी में एसआई के पद पर कार्यरत हैं। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, सुभाष मुर्मू के भांजे का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रविवार सुबह वह अपने परिवार के साथ गोड्डा जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र के धमनी गांव स्थित पैतृक आवास चले गए थे। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।बताया गया कि चोरों ने मकान के स्टोर रूम में लगे वेंटिलेटर को तोड़ दिया और उसी रास्ते अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर के एक कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे आभूषण और अन्य सामान निकाल लिए। चोरी गए सामान में सोने की एक अंगूठी, सोने के तीन टॉप्स, चांदी की सिकड़ी समेत अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं।सोमवार शाम सुभाष मुर्मू और उनके परिजन जब घर लौटे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर वेंटिलेटर टूटा हुआ था और अलमारी के साथ भी छेड़छाड़ की गई थी। इसके बाद तत्काल चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई।पीड़ित की बहन उर्मिला मुर्मू ने जामताड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर घटना की सूचना दी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वारदात के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस चोरों की पहचान करने के साथ चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *