मिहिजाम और जामताड़ा नगर निकायों की बोर्ड बैठकों में विकास योजनाओं को मिली रफ्तार, कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर परिषद और जामताड़ा नगर पंचायत में आयोजित बोर्ड बैठकों में शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति, रोशनी और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। दोनों निकायों की बैठकों में पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास योजनाओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई एजेंडों को स्वीकृति दी गई।मिहिजाम नगर परिषद सभागार में मंगलवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता चेयरपर्सन जयश्री देवी ने की। बैठक में उपाध्यक्ष महावीर राय, कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार, सिटी मैनेजर विजय कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार ने बताया कि शहर के समग्र विकास को लेकर कई बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की सड़क, सफाई, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं, जिस पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने सकारात्मक सहमति जताई।बैठक में शहर के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कई प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। शाम करीब चार बजे तक चली इस बैठक में नगर परिषद कर्मी रामू बाउरी, संजय चौधरी, संजय विश्वकर्मा और देवाशीष चक्रबर्ती सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं वार्ड पार्षदों में विष्णु देव मुर्मू, झिमली मजूमदार, मनीषा महतो, शंकर पंडित, मुमताज बानो, संजू महतो, विकास बर्मन, राहुल शर्मा, रमेश रजक, रवि मिस्त्री, आलोक मिस्त्री, प्रमिला देवी, किरण देवी, बेबी रॉय, गीता दास, संयुक्ता देवी, मीना बाउरी, विमला देवी और कैलाश पंडित समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।इधर जामताड़ा नगर पंचायत सभागार में सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक में शहर के विकास को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी सोम खंडेत ने किया। बैठक में सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे।बैठक में नगर क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मशीन, उपकरण और सेफ्टी किट खरीदने का निर्णय लिया गया। साथ ही पांच स्थानों पर जलमीनार स्थापित कर पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना पर सहमति बनी। अजय नदी आधारित जलापूर्ति योजना के पुनरुद्धार और अवैध मोटर व समरसेबल की जांच कराने का भी निर्णय लिया गया।नगर क्षेत्र में रोशनी की व्यवस्था सुधारने के लिए 600 स्ट्रीट लाइट खरीदने का फैसला लिया गया। हाईमास्ट पोल लगाने के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजने और बिजली व्यवस्था मजबूत करने हेतु नए खंभे व अलग ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू करने पर भी चर्चा हुई।राजस्व बढ़ाने के लिए होल्डिंग टैक्स का पुनर्मूल्यांकन, बकायेदारों से टैक्स वसूली अभियान और नगर भवन का किराया 35 हजार से घटाकर 25 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया, ताकि गरीब परिवारों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा शहर में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए कई स्थानों का चयन किया गया।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के प्रथम चरण के 385 और द्वितीय चरण के 268 लाभुकों की सूची पारित कर विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया। नगर पंचायत उपाध्यक्ष ज्योत्सना देवी, वार्ड पार्षद अशोक कुमार साव, विजय राउत, हरनाथ गण, दीनबंधु सिंह, शिखा रानी मंडल, जयंती दत्त और संगीता दास समेत अन्य पार्षद बैठक में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *