न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा में बंगला भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। झारखंड बंगला भाषी विकास समिति के जामताड़ा जिला अध्यक्ष डॉ. दुर्गादास भंडारी के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो से मुलाकात कर बंगला भाषी समाज से जुड़े कई अहम मुद्दों को उनके समक्ष रखा।प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से झारखंड में स्वतंत्र बंगला अकादमी की स्थापना की मांग उठाई। सदस्यों का कहना था कि राज्य में बड़ी संख्या में बंगला भाषी लोग निवास करते हैं, जिनकी भाषा, साहित्य, कला और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए एक समर्पित अकादमी का गठन समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बंगला अकादमी बनने से साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और नई पीढ़ी अपनी भाषा एवं संस्कृति से जुड़ी रह सकेगी।इसके अलावा प्रतिनिधियों ने सिधु-कानु मुर्मु विश्वविद्यालय में बंगला विभाग को बंद नहीं करने की मांग भी जोरदार तरीके से रखी। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय में बंगला विषय से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों की संख्या काफी है और विभाग बंद होने से विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। साथ ही बंगला भाषा के शैक्षणिक विकास को भी नुकसान पहुंचेगा।मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बंगला भाषी समुदाय के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और भाषाई अधिकारों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि झारखंड की बहुभाषी एवं बहुसांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए सभी भाषाओं को समान सम्मान और अवसर मिलना चाहिए।विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि बंगला भाषी समाज की उचित मांगों एवं हितों की रक्षा के लिए आवश्यक स्तर पर पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाषा और संस्कृति किसी भी समाज की पहचान होती है, इसलिए इनके संरक्षण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।इस पहल को बंगला भाषी समाज ने सकारात्मक कदम बताते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में राज्य सरकार इस दिशा में ठोस निर्णय लेगी, जिससे बंगला भाषा और संस्कृति को नई मजबूती मिल सके।
झारखंड में बंगला अकादमी गठन की उठी मांग, विधानसभा अध्यक्ष से मिला प्रतिनिधिमंडल
