छटियारी में हजामत बनाने निकला था नाई, कुएं में गिरने से 35 वर्षीय संतोष की मौत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 सितंबर जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के मंडरो हरिजन टोला में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय नाई संतोष भंडारी की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।बताया जाता है कि गम्हरियाटांड़ गांव निवासी संतोष भंडारी मंगलवार को मंडरो गांव में आयोजित छटियारी कार्यक्रम में हजामत बनाने के लिए घर से निकले थे। काम के सिलसिले में मंडरो पहुंचने के बाद देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे, तो परिवार के लोग उनकी तलाश को लेकर परेशान हो गए। इसी बीच मंडरो हरिजन टोला स्थित कुएं में उनके गिरने की सूचना मिली।सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद संतोष को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना नारायणपुर थाना पुलिस को दी गई।परिजनों के अनुसार, संतोष नाई का काम कर अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभालते थे। इसी काम से होने वाली आमदनी से परिवार का भरण-पोषण चलता था। संतोष के चार बच्चे हैं। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने पुलिस से घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *