राष्ट्रीय खेल दिवस पर मिहिजाम में दिखा खेल प्रतिभाओं का दम, जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 72 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 अगस्त जामताड़ा। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला खेल कार्यालय, जामताड़ा के तत्वावधान में राजकीयकृत प्लस टू हाई स्कूल मिहिजाम के परिसर में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य विश्वजीत लायक, जिला खेल समन्वयक अमित कुमार साव, जामताड़ा जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे एवं सूरज कुमार ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व और खेलों के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।प्रतियोगिता में ताइक्वांडो डे बोर्डिंग सेंटर मिहिजाम, एडवर्ड इंग्लिश स्कूल जामताड़ा, सेंट जोसफ स्कूल जामताड़ा तथा राजकीयकृत प्लस टू हाई स्कूल मिहिजाम के कुल 72 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग आयु एवं भार वर्ग में आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल कर अपने विद्यालय और प्रशिक्षण केंद्र का नाम रोशन किया।आयोजन को सफल बनाने में ताइक्वांडो डे बोर्डिंग सेंटर मिहिजाम के प्रशिक्षक विजय विश्वकर्मा एवं मोहम्मद इदरीश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं एडवर्ड इंग्लिश स्कूल के खेल शिक्षक राज कुमार वर्मा एवं मयंक पांडे ने भी प्रतियोगिता के संचालन और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में सहयोग किया।आयोजकों ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य जिले की युवा खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *