हर महीने जनता के सामने होगा कामकाज का हिसाब, विकास योजनाओं की प्रगति बताएंगे पार्षद

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 जून 2026 जामताड़ा। नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की पारदर्शिता बढ़ाने और जनता को नियमित जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अब प्रत्येक माह जनप्रतिनिधि अपने कार्यों का सार्वजनिक लेखा-जोखा प्रस्तुत करेंगे। बुधवार को सरखेलडीह स्थित नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता के आवासीय कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में यह घोषणा की गई।

प्रेस वार्ता में नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षदों और उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील बाउरी ने भाग लिया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच मीडिया के माध्यम से वार्ड स्तर पर हुए विकास कार्यों, जनसमस्याओं के समाधान और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। उनका कहना था कि जनता के विश्वास और अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों के दौरान नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए लंबे समय से जाम पड़ी नालियों की सफाई कराई गई है। नगर पंचायत कार्यालय परिसर को भी स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि बस स्टैंड और ट्रेकर स्टैंड के संचालन के लिए ओपन बंदोबस्ती व्यवस्था लागू की गई है, जिससे कार्य प्रणाली अधिक पारदर्शी बनी है। साथ ही शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य जारी है।

तरुण गुप्ता ने बताया कि नगर पंचायत की बैठकों में कई महत्वपूर्ण विकास प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है। इनमें गांधी मैदान का सौंदर्यीकरण, चिल्ड्रन पार्क का उन्नयन, सूर्य मंदिर परिसर में वोट क्लब का निर्माण तथा बच्चों के लिए नौकायन सुविधा विकसित करने जैसी योजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रमुख मार्गों पर बेहतर रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अब नागरिक सुविधाओं के लिए किसी प्रकार की सिफारिश या बिचौलियों की आवश्यकता नहीं है। नगर पंचायत सभी नागरिकों के लिए समान रूप से उपलब्ध है और हर व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। सुबह छह बजे से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत नगर क्षेत्र में 2000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वार्ड पार्षदों के साथ-साथ आम नागरिकों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रेस वार्ता के दौरान हाल के विवादों का उल्लेख करते हुए तरुण गुप्ता ने कहा कि किसी भी शिकायत का समाधान संस्थागत प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों को लेकर कानूनी कार्रवाई की गई है और संबंधित शिकायतें थाना तथा न्यायालय में दर्ज कराई गई हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी वार्ड पार्षदों ने स्वच्छता, जनसहभागिता और नगर विकास को नई गति देने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *