हाट-बाजारों में वसूली के आरोपों पर गरमाई सियासत, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने मांगी निष्पक्ष जांच

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 जून 2026 जामताड़ा। नगर पंचायत क्षेत्र में कथित अवैध वसूली, व्यवसायियों के उत्पीड़न और नगर प्रशासन की कार्यशैली को लेकर बुधवार को राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। गांधी मैदान स्थित समाज कल्याण समिति कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।वीरेंद्र मंडल ने कहा कि बीते कुछ महीनों से नगर क्षेत्र के विभिन्न हाट-हटिया, गुदरी बाजार, बकरा-बकरी बाजार, बस स्टैंड परिसर, पुराना हटिया तथा सड़क किनारे कारोबार करने वाले छोटे दुकानदारों से कथित रूप से अनधिकृत रूप से राशि वसूले जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में कुछ जागरूक नागरिकों द्वारा उपायुक्त को आवेदन देकर जांच की मांग भी की गई है।पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं के अनुसार हाल ही में एक व्यक्ति को आवेदन वापस लेने के लिए कथित रूप से धमकाया गया तथा उसके साथ दुर्व्यवहार की घटना भी हुई। साथ ही रंगदारी मांगने को लेकर विरोध करने वालों को कानूनी मामलों में उलझाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।वीरेंद्र मंडल ने कहा कि नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा सार्वजनिक रूप से किसी भी प्रकार की वर्तमान बंदोबस्ती या शुल्क वसूली से इनकार किए जाने के बावजूद फर्जी रसीदों के माध्यम से वसूली की बातें सामने आ रही हैं। ऐसे में पूरे मामले की जांच जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके।उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में बोर्ड भंग होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था के तहत राजस्व संग्रहण के लिए सरकारी कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन नई बोर्ड के गठन के बाद उस व्यवस्था की वैधता समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद यदि कोई वसूली हो रही है तो उसकी जांच होनी चाहिए।नगर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कई इलाकों में नालियों की सफाई अधूरी है, गंदगी का अंबार लगा है और खुले मैनहोल दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उनके नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना, जलापूर्ति परियोजना, आधुनिक बस स्टैंड, स्वामी विवेकानंद पार्क तथा ठोस कचरा प्रबंधन जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को आगे बढ़ाया गया था।प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने प्रशासन से व्यवसायियों और शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर गौर बाउरी, बादल महतो, मुकेश कुमार सिंह, विनय मिश्रा, गुंजन सिंह, भुवन महतो, तपन मंडल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *