प्रेम विवाह के बाद नवविवाहिता की एसपी-डीसी से गुहार, कहा- पति और ससुरालवालों को झूठे मामले में न फंसाया जाए

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 सितंबर जामताड़ा। मिहिजाम थाना क्षेत्र के पियालसोला गांव की 19 वर्षीय नेहा प्रवीण के लापता होने से शुरू हुआ मामला अब प्रेम विवाह और सुरक्षा की मांग तक पहुंच गया है। मंगलवार को नेहा ने जामताड़ा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को लिखित आवेदन देकर अपने पति कृष्णा मंडल समेत ससुराल पक्ष के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।प्रशासन को दिए आवेदन में नेहा ने दावा किया है कि उसने तीन सितंबर 2026 को शाम करीब चार बजे अपनी इच्छा से बेवा गांव निवासी 22 वर्षीय कृष्णा मंडल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। उसका कहना है कि वह कृष्णा से पिछले कई वर्षों से प्रेम करती थी, लेकिन मायके के परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। परिवार की नाराजगी के बावजूद उसने अपनी इच्छा से विवाह करने का फैसला लिया।नेहा ने आवेदन में स्पष्ट किया है कि वह बालिग है और उसने किसी दबाव, भय या प्रलोभन के बिना अपनी मर्जी से विवाह किया है। उसने प्रशासन से कहा कि उसके पति कृष्णा मंडल, उसके पिता बादल मंडल अथवा परिवार के किसी अन्य सदस्य की इसमें कोई गलती नहीं है।वहीं, दूसरी ओर नेहा के पिता फजलुल अंसारी ने बेटी के लापता होने को लेकर मिहिजाम थाना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एसपी को शिकायत दी थी। उनका कहना है कि दो सितंबर की शाम से बेटी के गायब होने के बाद थाना में सनहा दर्ज कराया गया था। बाद में पुलिस की ओर से युवक के संबंध में जानकारी मिलने की बात कही गई। इसी बीच परिवार को वीडियो के माध्यम से नेहा और कृष्णा के विवाह की जानकारी मिली।अब नेहा ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उसके मायके पक्ष की ओर से पति और ससुरालवालों को धमकी दी जा रही है तथा उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास हो सकता है। उसने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ पति और ससुराल पक्ष को सुरक्षा देने की गुहार लगाई है। एसपी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *