न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 नवंबर जामताड़ा। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नारायणपुर से लेकर जामताड़ा थाना क्षेत्र तक कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान अवैध रूप से संचालित शराब निर्माण केंद्रों का पर्दाफाश हुआ। कार्रवाई में करीब 100 मिट्टी के घड़ों में तैयार की गई चावल से निर्मित पचवाई शराब बरामद की गई।उत्पाद अधीक्षक कुंदन कुमार कौशल के नेतृत्व में गठित टीम ने सबसे पहले नारायणपुर थाना क्षेत्र के नयाडीह गांव में छापेमारी की। यहां लंबे समय से अवैध तरीके से पचवाई शराब तैयार किए जाने की सूचना थी। जांच के दौरान शराब बनाने के लिए बनाई गई भट्ठी और अन्य संसाधन मिले। टीम ने तत्काल भट्ठी को ध्वस्त कर दिया और मौके पर रखे लगभग 100 घड़ों में तैयार शराब बरामद की।इसके बाद छापेमारी दल ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह और केंदुआडीह में भी कार्रवाई की। यहां भी अवैध शराब तैयार करने के लिए बनाए गए ठिकानों को चिह्नित कर भट्ठियों एवं निर्माण संबंधी व्यवस्थाओं को नष्ट कर दिया गया। अचानक पहुंची संयुक्त टीम की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।छापेमारी के दौरान अवैध शराब कारोबार से जुड़े बताए जा रहे विकास मंडल और आदित्य मंडल मौके से भाग निकले। टीम दोनों को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी। विभाग की ओर से उनकी तलाश की जा रही है।उत्पाद अधीक्षक कुंदन कुमार कौशल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को अवैध शराब के नेटवर्क पर प्रहार के रूप में देखा जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में चावल से पारंपरिक तरीके से पचवाई शराब बनाने वाले ठिकाने विभाग के रडार पर हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और कारोबार को रोकने के लिए आगे भी लगातार छापेमारी की जाएगी।
नयाडीह से सुपाईडीह तक उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन, 100 घड़ों में मिली पचवाई शराब; भट्ठियां ध्वस्त, दो आरोपी फरार
