सीएलडब्ल्यू कर्मचारियों के हितों को मिली नई दिशा, जीएम से मुलाकात में सीआरएमसी ने उठाए अहम मुद्दे; कई मांगों पर बनी सहमति

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 जून 2026 चित्तरंजन। चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) के कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बुधवार को चित्तरंजन रेलवेमेन कांग्रेस (सीआरएमसी) के प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात की। बैठक के दौरान संगठन ने कर्मचारियों की ओर से उन महत्वपूर्ण वादों को पूरा करने के लिए रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया, जिन पर पूर्व में हुई चर्चाओं के दौरान सहमति बनी थी।प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से विभिन्न विभागों से क्रेन ड्राइवर पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने, 40 प्रतिशत इंडक्शन कोटा के तहत हेल्पर पदों को भरने की पहल, चित्तरंजन टाउनशिप में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अन्य कर्मचारी कल्याणकारी कदमों की सराहना की।बैठक में कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई नए प्रस्ताव भी प्रशासन के समक्ष रखे गए। जूनियर इंजीनियर पद पर पदोन्नत प्रशिक्षुओं के प्रशिक्षण काल को कम करने की मांग पर सकारात्मक सहमति बनी। प्रशासन ने बताया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई 2026 से पहले नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।कार्यालयों में बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए वर्क्स ऑफिस और डिप्टी सीएमएम (डिपो) कार्यालय में एयर कंडीशनिंग और आधुनिक फर्नीचर लगाने की मांग की गई। महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि यह कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुविधा के लिए एरिया-2, 3, 5 और 8 के नवीनीकृत सामुदायिक भवनों में एयर कंडीशनर और पंखे लगाने की मांग भी उठाई गई, जिस पर प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।बैठक में रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अतिरिक्त पीएस-2 स्टेनोग्राफर पद सृजित करने, क्वार्टर प्रबंधन प्रणाली को पूरी तरह ऑनलाइन बनाने तथा अप्रेंटिस चयन सूची के प्रतीक्षा सूची अभ्यर्थियों को अवसर देने जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासन ने जानकारी दी कि क्वार्टर प्रबंधन की ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी गई है तथा प्रतीक्षा सूची के उम्मीदवारों को जल्द मौका दिया जाएगा। साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए नए अप्रेंटिस भर्ती विज्ञापन जारी करने की भी तैयारी चल रही है।इसके अलावा उत्पादन कार्यों से जुड़े पर्यवेक्षकों को नई ईएनएचएम शाखा में स्थानांतरित करने पर संगठन ने चिंता जताई। वहीं कर्मचारियों के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए टाउनशिप के सभी आठ क्षेत्रों और चित्रवन कॉलोनी में ओपन जिम एवं योग पार्क स्थापित करने की मांग रखी गई। महाप्रबंधक ने प्रस्ताव को महत्वपूर्ण बताते हुए उपयुक्त स्थानों का सर्वे कराने और जल्द आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई इस बैठक के बाद सीआरएमसी ने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित में किए गए सभी वादों को निर्धारित समयसीमा के भीतर धरातल पर उतारा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *