न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 जून 2026 मिहीजाम। ग्रामीण स्वशासन को मजबूत बनाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से लाधना पंचायत के लाधना गांव में एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के ग्रामसभा स्वशासन प्रोजेक्ट के तहत आयोजित हुआ, जिसमें महिला स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय पारंपरिक नेतृत्व से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को ग्रामसभा की शक्तियों, पंचायत व्यवस्था की कार्यप्रणाली और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था, ताकि गांव के लोग अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति अधिक जागरूक हो सकें। कार्यक्रम के दौरान ग्रामसभा को लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए इसके प्रभावी संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रतिभागियों को पंचायत स्तर पर गठित विभिन्न समितियों की भूमिका, उनके अधिकार और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। साथ ही सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, मनरेगा, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा आधार कार्ड से संबंधित सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया गया। उपस्थित लोगों को यह भी बताया गया कि पात्र लाभुक किस प्रकार इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।कार्यक्रम में बतौर प्रशिक्षक पूर्वी सिंहभूम से पहुंचे सिद्धेश्वर सरदार ने ग्रामीण विकास में ग्रामसभा की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब ग्रामीण स्वयं जागरूक होकर ग्रामसभा की बैठकों में भाग लें और पंचायत स्तर पर होने वाली गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने महिला समूहों को सामाजिक बदलाव और जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भागीदार बताया।प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने भी अपने विचार और अनुभव साझा किए। कई महिलाओं ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें योजनाओं की सही जानकारी मिलती है, जिससे वे अपने परिवार और समुदाय के अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकती हैं।कार्यक्रम के सफल संचालन में ओंकार सेवा संस्थान के कार्यकर्ताओं में संतोष पाल, सपन राय, सुचित्रा भगत, शांति हांसदा, सोनाली बाउरी, गौरव कुमार सिंह और अनिल ने सक्रिय योगदान दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिला समूहों की सदस्य, माझी हाड़ाम हेमंत मुर्मू तथा पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में ग्रामीण भागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
ग्रामसभा से विकास की राह: लाधना में महिलाओं और पंचायत प्रतिनिधियों को मिला योजनाओं का प्रशिक्षण
