आजाद चौक पर दुस्साहस: हथियार के दम पर युवक की पिटाई, कार को बनाया निशाना

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 जून 2026 जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के व्यस्त माने जाने वाले आजाद चौक के समीप मंगलवार रात करी 8 बजे अपराधियों ने खुलेआम कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक युवक के साथ मारपीट की और उसकी कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान हथियार का भय दिखाए जाने की बात सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारायणपुर थाना क्षेत्र के कठडाबर गांव निवासी जहिर अंसारी मंगलवार रात अपने ससुर के चारपहिया वाहन से कुरुआ स्थित ससुराल जा रहे थे। रात करीब आठ बजे जब उनका वाहन आजाद चौक के पास पहुंचा, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और उनकी गाड़ी को रुकवा लिया।पीड़ित का आरोप है कि गाड़ी रुकते ही युवकों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें डराने का प्रयास किया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। अचानक हुई इस घटना से वह संभल भी नहीं पाए थे कि आरोपितों ने वाहन पर भी हमला बोल दिया। कार के शीशों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। घटना को अंजाम देने के बाद चारों युवक मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। करमाटांड़ प्रभारी थाना प्रभारी विकास तिवारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया।पीड़ित जहिर अंसारी की लिखित शिकायत के आधार पर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 46/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह क्या थी और आरोपितों का उद्देश्य क्या था, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रभारी थाना प्रभारी ने बताया कि जांच को आगे बढ़ाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *