न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 25 जून 2026 जामताड़ा। जिले के नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की सुविधा उनके प्रखंड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जुलाई माह के लिए विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविरों की तिथियों की घोषणा कर दी है। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी के निर्देश पर परिवहन शाखा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां इच्छुक आवेदक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी कार्य करा सकेंगे।जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि शिविरों का आयोजन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक किया जाएगा। इसके तहत सबसे पहले जामताड़ा प्रखंड कार्यालय में 2 एवं 3 जुलाई को शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद 6 और 7 जुलाई को मिहिजाम नगर पंचायत भवन में आवेदकों को सुविधा मिलेगी।नारायणपुर प्रखंड कार्यालय में 9 एवं 10 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित होगा। वहीं करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के पबिया पंचायत भवन में 13 और 14 जुलाई को तथा करमाटांड़ प्रखंड कार्यालय में 20 एवं 21 जुलाई को लाइसेंस शिविर लगाया जाएगा।फतेहपुर प्रखंड कार्यालय में 23 एवं 24 जुलाई को शिविर आयोजित होगा। इसके बाद नाला प्रखंड कार्यालय में 27 और 28 जुलाई को आवेदकों के लिए व्यवस्था की जाएगी। महीने के अंतिम चरण में कुण्डहित प्रखंड कार्यालय में 30 एवं 31 जुलाई को ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जाएगा।जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठा सकें। साथ ही प्रज्ञा केंद्रों और कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों को भी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।परिवहन विभाग के अनुसार इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता कम होगी तथा उन्हें अपने नजदीकी प्रखंड में ही लाइसेंस संबंधी सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
जामताड़ा में प्रखंडवार ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का कैलेंडर जारी, जुलाई भर घर के नजदीक मिलेगा लाइसेंस बनवाने का मौका
