सालानपुर में तृणमूल–भाजपा समर्थकों के बीच हिंसक टकराव, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला और बाइक फूंकने का लगाया आरोप

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 जुलाई 2026 सालानपुर। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के सालानपुर प्रखंड अंतर्गत आछड़ा पंचायत क्षेत्र में देर रात भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच हुए हिंसक विवाद से इलाके में तनाव फैल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए आसनसोल जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि भाजपा का दावा है कि उसके करीब दस कार्यकर्ताओं को भी सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।भाजपा समर्थकों का आरोप है कि देर रात आछड़ा पंचायत के समीप एक मकान के सामने खड़ी दो पिकअप वैन को देखकर कुछ स्थानीय युवकों ने वहां पहुंचकर वाहन में क्या सामान उतारा जा रहा है, इसकी जानकारी लेनी चाही। आरोप है कि इसी दौरान पल्लव तिवारी और रॉनी तिवारी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।भाजपा का कहना है कि अपने कार्यकर्ताओं पर हमले की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। वहीं तृणमूल कांग्रेस की ओर से पूरी घटना को अलग तरीके से पेश किया गया है। पार्टी का आरोप है कि भाजपा समर्थित बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडों और लोहे की रॉड के साथ पहुंचे तथा तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। तृणमूल का यह भी दावा है कि मारपीट के दौरान एक मोटरसाइकिल में आग लगाने की कोशिश की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।भाजपा नेता गोपाल राय ने आरोप लगाया कि केवल वाहनों के बारे में पूछताछ करने पर उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना में कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं और दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दूसरी ओर, हरेराम तिवारी के रिश्तेदार संजय सुकुल ने बताया कि उनके स्कूल की किताबें और कॉपियां वाहन से उतारी जा रही थीं। इसी दौरान कुछ भाजपा समर्थक वहां पहुंचे और बिना किसी उकसावे के हमला शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने वाहन में आग लगाने का भी प्रयास किया, जिसमें पल्लव तिवारी और रॉनी तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।फिलहाल दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दोनों पक्षों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *