बंद कोयला खदान में मिला युवती का सड़ा-गला शव, रहस्यमयी मौत से इलाके में फैली सनसनी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 12 जुलाई 2026 सालानपुर। पश्चिम बंगाल के सालानपुर थाना क्षेत्र स्थित ईसीएल के बनजेमिहारी ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (ओसीपी) में रविवार सुबह एक युवती का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खदान के भीतर पत्थरों के बीच शव पड़े होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद सालानपुर थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह कुछ स्थानीय लोगों की नजर खदान के अंदर पड़े शव पर पड़ी। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। हालांकि, मौके पर पहुंचे कुछ ग्रामीणों ने शव पर मौजूद कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान शिवदासपुर निवासी रवन बाउरी की 26 वर्षीय पुत्री पूर्णिमा बाउरी के रूप में की।मृतका के परिजन रघुनाथ बाउरी ने बताया कि पूर्णिमा मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। वह अक्सर घर से बिना बताए निकल जाती थी, लेकिन कुछ समय बाद वापस लौट आती थी। परिजनों के मुताबिक, पिछले रविवार को भी वह घर से निकली थी, लेकिन इस बार वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने सालानपुर थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन रविवार को उसका शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।घटना के बाद मृतका के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि आखिर पूर्णिमा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा होना बेहद जरूरी है। परिवार ने आशंका जताई है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती खदान में दुर्घटनावश गिर गई थी, किसी हादसे का शिकार हुई या फिर उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। इन सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को खदान से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सालानपुर थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि युवती की मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *