न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 18 अगस्त सालानपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच सालानपुर इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहरगढ़ पुल पर पानी के तेज बहाव के बीच स्कूटी सवार दो युवक पुल से नीचे गिर गए। हादसे में एक युवक को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दूसरा युवक पानी की तेज धारा में बह गया। लापता युवक की पहचान सीतारामपुर निवासी 18 वर्षीय आमिर गेयास के रूप में हुई है।घटना 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के एथोड़ा मोड़ से सीतारामपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित जहरगढ़ पुल की बताई जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रातभर हुई भारी बारिश के कारण पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। इसी दौरान दो युवक स्कूटी से सीतारामपुर की ओर जा रहे थे। अंधेरा होने और सड़क पर पानी का बहाव तेज रहने के कारण उन्हें रास्ते का सही अंदाजा नहीं लग पाया।बताया जा रहा है कि पुल के दोनों ओर की सुरक्षा दीवार पहले से क्षतिग्रस्त थी। इसी वजह से स्कूटी का संतुलन बिगड़ा और दोनों युवक वाहन समेत पुल से नीचे जा गिरे। हादसे के बाद एक युवक किसी तरह पास के पेड़ की डाल पकड़कर पानी के तेज बहाव में लटक गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर नियामतपुर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला।दूसरी ओर, आमिर गेयास पानी की धार में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाना पुलिस, नियामतपुर फांड़ी और कुल्टी ट्रैफिक गार्ड के अधिकारी मौके पर पहुंचे। लापता युवक की तलाश में अभियान शुरू कर दिया गया है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुल की जर्जर स्थिति को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा दीवार टूटे रहने के बावजूद कोई पर्याप्त चेतावनी या सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीणों ने पुल की तत्काल मरम्मत और बारिश के दौरान सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग की है।
बारिश के उफान में टूटा पुल बना मौत का जाल, स्कूटी समेत बहा 18 वर्षीय युवक

