न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 19 अगस्त रूपनारायणपुर, सालानपुर। औद्योगिक क्षेत्र रूपनारायणपुर में नागरिक सुविधाओं और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। आसनसोल के रवींद्र भवन की तर्ज पर यहां आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र बनाने के साथ फायर स्टेशन स्थापित करने की योजना पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। बाराबनी के विधायक अरिजीत राय ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सालानपुर के बीडीओ देवांजन विश्वास, भाजपा मंडल अध्यक्ष चिन्मय तिवारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि आसनसोल-चित्तरंजन मार्ग पर रेल ब्रिज के समीप वन विभाग की खाली जमीन पर दोनों परियोजनाओं को आकार देने की तैयारी है।प्रस्तावित सांस्कृतिक भवन करीब 350 दर्शकों की क्षमता वाला दो मंजिला केंद्र होगा। इसमें रवींद्र भवन जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। विधायक के अनुसार परियोजना पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसकी व्यवस्था विधायक निधि और मुख्यमंत्री निधि से किए जाने की योजना है। जमीन का अधिकांश हिस्सा वन विभाग और कुछ भाग पीडब्ल्यूडी के अधीन है। हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।इसके अलावा रूपनारायणपुर पुलिस फांड़ी से आछड़ा तक बड़े हाई ड्रेन के निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है। इससे जलजमाव की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।विधायक ने आछड़ा यज्ञेश्वर इंस्टीट्यूशन के मैदान का भी निरीक्षण किया। स्कूल प्रबंधन से चर्चा के बाद मैदान के चारों ओर चारदीवारी और बाद में पक्की गैलरी निर्माण की योजना बताई गई। भविष्य में मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है।विधायक अरिजीत राय ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को प्राथमिकता देकर आधुनिक और टिकाऊ सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं चिन्मय तिवारी ने कहा कि जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होते ही योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
रूपनारायणपुर को मिलेंगी नई सौगातें, 350 सीटों का आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र और फायर स्टेशन की तैयारी

