‘बच्चों की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी’—बराकर ट्रैफिक पुलिस का अनोखा अभियान, अभिभावकों को हेलमेट पहनाने का दिया संदेश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 14 जुलाई 2026 बराकर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सोमवार को बराकर ट्रैफिक पुलिस ने बेगुनिया मोड़ पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने केवल चालान काटने पर जोर नहीं दिया, बल्कि लोगों को भावनात्मक तरीके से समझाकर सड़क सुरक्षा का महत्व बताया। अभियान का सबसे खास आकर्षण एक संदेशात्मक बैनर रहा, जिसने राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।ट्रैफिक पुलिस के हाथों में मौजूद बैनर पर लिखा था, “पिता का सिर कीमती है, इसलिए हेलमेट से ढका है। छोटे बच्चे के सिर का कोई मोल नहीं, इसलिए उसका सिर खाली है?” इस मार्मिक संदेश ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। पुलिस का उद्देश्य यह बताना था कि जिस तरह वयस्क अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनते हैं, उसी तरह बाइक पर साथ बैठने वाले बच्चों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।अभियान के दौरान बराकर ट्रैफिक गार्ड के अधिकारी बिनय लाइक स्वयं सड़क पर उतरकर वाहन चालकों से संवाद करते नजर आए। उन्होंने एक बाइक सवार को रोका, जिसने खुद हेलमेट पहन रखा था, लेकिन उसकी छोटी बच्ची बिना हेलमेट के पीछे बैठी थी। अधिकारी ने बच्ची की ओर इशारा करते हुए कहा कि “यह बच्ची हमारे देश का भविष्य है। यदि आप अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहन सकते हैं, तो इसकी सुरक्षा भी आपकी जिम्मेदारी है। अगली बार इसे भी हेलमेट पहनाकर ही घर से निकलें।”अधिकारी की बात सुनकर वाहन चालक ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में बच्ची के लिए भी हेलमेट खरीदने तथा हर यात्रा के दौरान उसे पहनाने का भरोसा दिया। इस मानवीय पहल की वहां मौजूद लोगों ने भी सराहना की।ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की कि सड़क पर निकलते समय केवल चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले महिला और बच्चों की सुरक्षा पर भी समान ध्यान दें। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना होने के बाद पछताने से बेहतर है कि पहले से सुरक्षा के सभी उपाय अपनाए जाएं। पुलिस का मानना है कि केवल जुर्माना वसूलने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि लोगों की सोच बदलना अधिक जरूरी है।बराकर ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जनजागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग सुरक्षित यातायात की आदत अपनाएं और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *