न्यूज 61 लाइव संवाददाता अभिजीत चौधरी 21 जुलाई 2026 कुंडहित (जामताड़ा)। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड तथा आत्मा (ATMA) जामताड़ा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कुंडहित प्रखंड मुख्यालय स्थित एटिक सेंटर में पंचायत स्तरीय मिलेट मिशन पंजीकरण शिविर सह कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, खरीफ फसलों के बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाना था।गोष्ठी के दौरान किसानों को झारखंड मिलेट मिशन के तहत मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के लिए उपलब्ध प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बीटीएम सुजीत कुमार सिंह ने बताया कि राज्य सरकार मिलेट उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक पंजीकरण कराने और योजना का लाभ उठाने की अपील की।प्रखंड कृषि पदाधिकारी मनोरंजन मिर्धा ने खरीफ मौसम में दलहनी फसलों की खेती, कम वर्षा की स्थिति में अपनाई जाने वाली वैकल्पिक कृषि प्रणाली, संतुलित उर्वरकों के उपयोग तथा विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे उन्नत किस्म के बीजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर खेती करने से उत्पादन लागत कम होने के साथ-साथ बेहतर उपज प्राप्त की जा सकती है।कार्यक्रम में किसानों को धान की लाइन रोपाई (लाइन सोइंग) तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि इस विधि से रोपाई करने पर पौधों को पर्याप्त धूप और पोषक तत्व मिलते हैं, खरपतवार नियंत्रण आसान होता है, सिंचाई की सुविधा बढ़ती है तथा फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार होता है। किसानों को इस तकनीक को अपने खेतों में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।पौधा संरक्षण पर्यवेक्षक शमसुद्दीन अंसारी की उपस्थिति में किसानों के बीच उन्नत बीजों के साथ-साथ इंसेक्टिसाइड एवं पेस्टिसाइड दवाओं का वितरण किया गया। कृषि विशेषज्ञों ने फसलों को कीट एवं रोगों से बचाने के लिए दवाओं के सुरक्षित और संतुलित उपयोग की भी जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि 7 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से अधिकाधिक किसानों का पंजीकरण कर उन्हें मिलेट मिशन एवं अन्य कृषि योजनाओं से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में एटीएम अमीर हैम्ब्रम, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे। किसानों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।
मिलेट मिशन को मिली रफ्तार: कुंडहित में कृषक गोष्ठी, किसानों को उन्नत बीज व कीटनाशक दवाओं का वितरण
