जर्जर भवन में चल रहा सामडी डाकघर, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने जताई बड़े हादसे की आशंका

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 18 जुलाई 2026 सालानपुर। पश्चिम बंगाल के सालानपुर प्रखंड अंतर्गत सामडी ग्राम पंचायत स्थित सामडी डाकघर की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों और कर्मचारियों के लिए चिंता का विषय बन गई है। डाकघर जिस भवन में संचालित हो रहा है, उसकी हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि यहां काम करने वाले कर्मचारी हर दिन डर के साए में अपनी जिम्मेदारियां निभाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।जानकारी के अनुसार, ईसीएल (ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के आवासीय परिसर में संचालित इस डाकघर की छत लगातार टूट रही है। छत का प्लास्टर और कंक्रीट जगह-जगह से गिर रहा है, जिससे कर्मचारियों और डाकघर आने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। भवन के दरवाजे और खिड़कियां भी पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, जिससे किसी भी समय असामाजिक तत्वों या जहरीले जीव-जंतुओं के प्रवेश की आशंका बनी रहती है।डाकघर कर्मचारियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और ईसीएल के अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक भवन की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कर्मचारियों का कहना है कि वे हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को डाक और बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।भवन के चारों ओर उगी घनी झाड़ियां और जंगली घास भी परेशानी का कारण बन गई हैं। बरसात के मौसम में यहां सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों का खतरा बढ़ जाता है। मुख्य प्रवेश मार्ग भी झाड़ियों से घिरा हुआ है, जिससे लोगों को डाकघर तक पहुंचने में कठिनाई होती है।ग्रामीणों का कहना है कि यह एक महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपनी आवश्यक सेवाओं के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भवन की अनदेखी किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता देने के समान है। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी अप्रिय घटना का इंतजार कर रहा है? उनका कहना है कि यदि भविष्य में कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों ने प्रशासन तथा ईसीएल प्रबंधन से अविलंब भवन की मरम्मत या सुरक्षित स्थान पर डाकघर स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि कर्मचारियों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *