दुर्गापूजा में उत्कृष्टता की पहचान बनी भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, 10 पूजा समितियों को मिला शारद सम्मान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 17 अक्टूबर चित्तरंजन/सलानपुर। दुर्गापूजा के उत्सव में कला, संस्कृति और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन ने वर्ष 2026 में चित्तरंजन और सलानपुर क्षेत्र की उत्कृष्ट पूजा समितियों को शारद सम्मान से नवाजा। संगठन की ओर से विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर प्रतिमा की कलात्मकता, मंडप की सजावट, रोशनी, पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था और पारंपरिक पूजा पद्धति सहित कई पहलुओं के आधार पर चयन किया गया।एसोसिएशन की यह पहल पूजा समितियों के रचनात्मक प्रयासों को पहचान देने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। संगठन की परंपरा के अनुसार, दुर्गापूजा से एक दिन पहले सदस्यों की टीम विभिन्न पंडालों का दौरा करती है। निर्धारित मानकों पर सदस्यों के मूल्यांकन और प्राप्त अंकों के आधार पर पुरस्कारों के लिए समितियों का चयन किया जाता है।सलानपुर ब्लॉक में देशबंधु पार्क को श्रेष्ठ सम्मान प्रदान किया गया। अरविंदो नगर को सर्वश्रेष्ठ प्रतिमा, कल्याणग्राम पांच को पर्यावरण अनुकूल पूजा और दुर्गा मंदिर, डावरमोड़ को उत्कृष्ट मंडप सज्जा के लिए पुरस्कृत किया गया।चित्तरंजन में एरिया-6 को सर्वश्रेष्ठ प्रतिमा, फतेहपुर को मंडप सज्जा, सिमजोड़ी को पारंपरिक पूजा, एसपी नॉर्थ को आकर्षक रोशनी, हॉस्पिटल कॉलोनी को बेहतर आतिथ्य और एरिया-5 को श्रेष्ठ शारद सम्मान से सम्मानित किया गया।पुरस्कार वितरण समारोह में मंडल अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार, लीगल सेक्रेटरी अशोक कुमार सिन्हा, सहायक महासचिव प्रणब चांदा, श्राबणी दास, मधुप सिंह, अयान दास, विनोद कुमार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था के साथ कला, परंपरा, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता का भी पर्व है। ऐसे आयोजन पूजा समितियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करते हैं। संगठन ने भविष्य में भी मानवाधिकार संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *