न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 24 जुलाई कुल्टी/कल्याणेश्वरी। औद्योगिक क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थल मैथन के समीप स्थित कल्याणेश्वरी में देर रात चोरी की दो बड़ी वारदातों ने इलाके में सनसनी फैला दी। चोरों ने एक के बाद एक दो होटल-लॉज को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी, महंगे मोबाइल फोन, सीसीटीवी डीवीआर और एक पर्यटक की मोटरसाइकिल चोरी कर ली। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों और पर्यटकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।जानकारी के अनुसार, कुल्टी थाना अंतर्गत चौरंगी पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित आसा रिज़ॉर्ट में सबसे पहले बदमाशों ने धावा बोला। चोरों ने कार्यालय में रखे कैश बॉक्स का ताला तोड़कर करीब 57 हजार रुपये नकद निकाल लिए। अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से वे परिसर में लगे सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, जिससे उनके आने-जाने के फुटेज पुलिस के हाथ न लग सकें।इसके बाद बदमाश पास के अपंजन लॉज पहुंचे, जहां हुगली से घूमने आए चार पर्यटक ठहरे हुए थे। चोरों ने कमरे की खिड़की के जरिए अंदर प्रवेश किया और एक आईफोन तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने पर्यटकों की बाइक की चाबी भी उठा ली, मुख्य गेट का ताला तोड़ा और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। लगातार हुई इन चोरियों ने पर्यटन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
कल्याणेश्वरी में चोरों का आतंक: दो होटल-लॉज बने निशाना, नकदी, मोबाइल और पर्यटक की बाइक लेकर फरार
