खदान की गहराई में थम गई जिंदगी: अंडाल की बिशेश्वरी कोलियरी में ईसीएल कर्मी की ड्यूटी के दौरान मौत, जांच शुरू

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 जुलाई अंडाल। पश्चिम बंगाल के अंडाल स्थित बिशेश्वरी कोलियरी में शनिवार सुबह ड्यूटी के दौरान एक ईसीएल (ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) कर्मचारी की अचानक मौत से पूरे खदान क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय शिवकुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद अंडाल थाना पुलिस और खदान प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शिवकुमार रोज की तरह सुबह अपनी निर्धारित शिफ्ट में कार्य करने के लिए खदान के भीतर पहुंचे थे। सहकर्मियों के साथ काम करने के दौरान एक स्थान पर रेल ट्रॉली के पटरी से उतर जाने के बाद उसे ठीक करने का काम चल रहा था। इसी बीच कार्य समाप्त होने के बाद सभी कर्मचारी कुछ देर के लिए बैठे थे, तभी शिवकुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़े।शिफ्ट प्रभारी रामचरण धोबी ने बताया कि सूचना मिलते ही कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शिवकुमार को तत्काल खदान से बाहर निकालकर बिशेश्वरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना सुबह करीब 7:35 से 7:40 बजे के बीच की बताई जा रही है।सहकर्मी राजकुमार बिलासपुरी ने बताया कि शिवकुमार अचानक जमीन पर गिर पड़े। उन्हें संभालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनके हाथ-पैर ठंडे पड़ चुके थे। वहीं ओवरमैन शिवम कुम्भकार ने बताया कि ड्यूटी समाप्ति के समय लाइन से उतरी ट्रॉली को उठाने का कार्य चल रहा था। उसी दौरान शिवकुमार एक ओर हटकर बैठे और अचानक अचेत हो गए।घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।ईसीएल प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के एक योग्य सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इस घटना के बाद सहकर्मियों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *