न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 जुलाई जामताड़ा। जामताड़ा जिले से रविवार को 23 जायरीन का एक जत्था उमरा की पवित्र यात्रा के लिए सऊदी अरब रवाना हुआ। धार्मिक आस्था, भावनाओं और दुआओं से भरे माहौल में ढेकीपाड़ा से सभी जायरीन बस के माध्यम से कोलकाता एयरपोर्ट के लिए निकले, जहां से वे हवाई मार्ग से मक्का और मदीना पहुंचकर उमरा की अदायगी करेंगे। पूरे जत्थे का नेतृत्व मेहबूब आलम कर रहे हैं।रवानगी से पहले ढेकीपाड़ा में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग एकत्र होने लगे थे। परिजन, रिश्तेदार, मित्र और जिले के विभिन्न इलाकों से पहुंचे लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर, गले लगाकर और सलामती की दुआओं के साथ यात्रियों को विदाई दी। इस भावुक पल में कई परिवारों की आंखें नम दिखीं, जबकि हर ओर इबादत और दुआओं का माहौल बना रहा।जत्थे में पाकडीह निवासी सेवानिवृत्त पंचायत सचिव सनाउल अंसारी, उनकी पत्नी, पुत्र जाहिद हुसैन, पियासोला निवासी मुर्शिद अंसारी और उनके पुत्र इमरान अंसारी सहित जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के कुल 23 लोग शामिल हैं। सभी यात्री निर्धारित उड़ान से सऊदी अरब पहुंचकर पवित्र स्थलों की जियारत करेंगे।इस अवसर पर मौलाना अली अशरफ रजा ने कहा कि उमरा इस्लाम की अत्यंत महत्वपूर्ण इबादतों में से एक है। उन्होंने अल्लाह से दुआ की कि सभी जायरीन का सफर आसान, सुरक्षित और कामयाब हो तथा उन्हें हरमैन शरीफैन की जियारत की सआदत हासिल हो। उन्होंने यह भी कामना की कि सभी की इबादतें और दुआएं कबूल हों तथा वे सकुशल अपने घर लौटें।रवानगी के दौरान “लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक” की सदाएं वातावरण में गूंजती रहीं। उपस्थित लोगों ने यात्रियों से पूरे देश, समाज और अमन-चैन के लिए दुआ करने की गुजारिश की। हर वर्ष की तरह इस बार भी जिले से उमरा यात्रा को लेकर लोगों में गहरा उत्साह और धार्मिक श्रद्धा देखने को मिली।
आस्था की राह पर बढ़े 23 जायरीन: दुआओं, गले मिलन और नम आंखों के बीच उमरा के लिए हुए रवाना
