न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 जुलाई बाराबनी। श्रावण माह में भगवान शिव की भक्ति का एक अनोखा और प्रेरणादायक उदाहरण पश्चिम बर्धमान जिले के बाराबनी क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। मिर्जापुर निवासी वीरेश (हरेकृष्ण) मंडल ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए लगभग 180 किलोमीटर लंबी दंडवत यात्रा का संकल्प लिया है। उनका लक्ष्य प्रसिद्ध तारकेश्वर धाम पहुंचकर बाबा तारकनाथ के चरणों में शीश नवाना है।जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह वीरेश मंडल ने रुनाकुड़ा घाट में पवित्र स्नान करने के बाद अपनी कठिन यात्रा की शुरुआत की। दंडवत प्रणाम करते हुए वे धीरे-धीरे तारकेश्वर की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस कठिन तपस्या को पूरा करने में करीब 10 से 15 दिन लग सकते हैं।वीरेश मंडल ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने विधानसभा चुनाव से पूर्व यह संकल्प लिया था कि यदि बाराबनी के विधायक अरिजीत राय चुनाव में विजयी होते हैं तो वे रुनाकुड़ा घाट से चंद्रचूड़ मंदिर तक दंडवत यात्रा करेंगे। मनोकामना पूर्ण होने के बाद उन्होंने अपना व्रत निभाया था। अब उन्होंने पूरे परिवार के कल्याण और समाज में सुख-शांति की कामना के साथ तारकेश्वर तक दंडवत यात्रा का नया संकल्प लिया है।उनकी अटूट आस्था, दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन साधना को देखकर रास्ते भर बड़ी संख्या में लोग रुककर उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं। कई श्रद्धालु उनकी भक्ति और संकल्प की सराहना करते हुए इसे भगवान शिव के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण बता रहे हैं।श्रावण महीने में जहां हजारों कांवड़िए और शिवभक्त तारकेश्वर की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं वीरेश मंडल की यह दंडवत यात्रा लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बन गई है। उनकी यह कठिन आध्यात्मिक यात्रा श्रद्धा, विश्वास और अटूट संकल्प की मिसाल के रूप में चर्चा का विषय बनी हुई है।
180 किलोमीटर की दंडवत यात्रा पर निकला शिवभक्त, परिवार की सुख-शांति और मनोकामना पूर्ति के लिए तारकेश्वर तक अनोखा संकल्प
