न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 जुलाई जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, जेरुआ में एक मासूम के साथ हुई घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। यहां के प्रधानाध्यापक मोला अंसारी पर पहली कक्षा में पढ़ने वाली 6 वर्षीय छात्रा के साथ अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर नारायणपुर थाना में कांड संख्या 128/26 दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी शिक्षक फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।पीड़िता के पिता ने बताया कि सोमवार को उनकी बेटी हमेशा की तरह स्कूल गई थी। दोपहर बाद प्रधानाध्यापक ने सभी बच्चों को छुट्टी दे दी, लेकिन तीन छोटी बच्चियों को स्कूल में ही रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी एक बच्ची को बहाने से स्कूल की ऊपरी मंजिल के कमरे में ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने लगा। बच्ची के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आरोपी उसे छोड़कर मौके से भाग गया।शिकायत में यह भी कहा गया है कि जाने से पहले आरोपी ने बच्ची को धमकाया कि इस बारे में अगर उसने घर पर या किसी और को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसी डर की वजह से बच्ची सहमी हुई घर लौटी। परिजनों ने जब उससे पूछताछ की तो उसने आपबीती सुनाई। इसके बाद परिवार वाले तुरंत नारायणपुर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी मुराद हसन ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल, जामताड़ा में कराया गया है। साथ ही बाल कल्याण समिति को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है।
जेरुआ के प्राथमिक विद्यालय में दरिंदगी की कोशिश: 6 साल की मासूम से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, प्रधानाध्यापक फरार
