न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 29 जुलाई आसनसोल। पश्चिम बर्धमान के सालानपुर क्षेत्र में अवैध बालू खनन और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से क्षेत्र में बिना सरकारी अनुमति के चोरी-छिपे बालू की ढुलाई किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस ने गुप्त सूचना पर देर रात विशेष अभियान चलाया।पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के करीब चार बजे जीतपुर इलाके में छापेमारी के दौरान WB 37K 7960 नंबर के बालू लदे ट्रैक्टर को रोका गया। चालक से परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक उमेश सोरेन को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से सात दिनों की रिमांड की मांग की है, ताकि अवैध बालू तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। जांच अधिकारियों का मानना है कि इस धंधे में कई अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है।स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, जीतपुर क्षेत्र में कथित तौर पर बड़ी मात्रा में अवैध बालू का भंडारण किया गया था, जिसे रात के अंधेरे में ऊंचे दामों पर विभिन्न स्थानों तक पहुंचाया जाता था। आरोप है कि सरकारी अनुमति के अभाव के बावजूद यह कारोबार लंबे समय से चोरी-छिपे संचालित हो रहा था।अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध बालू का वास्तविक स्रोत क्या है, इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं और इस पूरे सिंडिकेट का संचालन किसके संरक्षण में किया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सालानपुर में अवैध बालू कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त; चालक गिरफ्तार
