नवनिर्मित गार्डवाल और कलवर्ट पर उठे गुणवत्ता के सवाल, ग्रामीण बोले- जांच हो, दोषियों पर हो कार्रवाई

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 जुलाई जामताड़ा। जामताड़ा प्रखंड की जियाजोरी पंचायत के मोहम्मद नगर से पंचायत भवन तक जाने वाली सड़क पर हाल ही में निर्मित गार्डवाल और कलवर्ट विवादों में घिर गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि सरकारी मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो भविष्य में यह निर्माण लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।ग्रामीण नौशाद अंसारी ने बताया कि पोखर के किनारे बनाए गए गार्डवाल में गुणवत्ता का अभाव साफ दिखाई देता है। उनका आरोप है कि निर्माण के दौरान मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया गया। इतना ही नहीं, गार्डवाल और सड़क के बीच आवश्यक मिट्टी भराई भी पूरी नहीं की गई। आधे-अधूरे तरीके से किए गए इस कार्य से बरसात के मौसम में सड़क और गार्डवाल दोनों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है।वार्ड सदस्य मजलूम अंसारी ने भी निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे निर्माण कार्य के दौरान विभागीय निगरानी बेहद कमजोर रही। उनके अनुसार कनीय अभियंता का स्थल निरीक्षण नियमित रूप से नहीं होने के कारण संवेदक ने मनमाने ढंग से काम कराया और गुणवत्ता से समझौता किया।ग्रामीण अफजल अंसारी ने बताया कि कलवर्ट निर्माण के लिए सड़क को दोनों ओर से काटा गया था, लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद सड़क और पुलिया के स्तर को बराबर नहीं किया गया। इससे सड़क ऊंची-नीची हो गई है और राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं कराया गया तो दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।इस संबंध में आरईओ के कार्यपालक पदाधिकारी दुखा मंडल ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत विभाग के संज्ञान में आ गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जाएगी। यदि जांच में निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित संवेदक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *