कौशल की उड़ान: मिहिजाम में 110 प्रशिक्षुओं को मिला सफलता का प्रमाण, मेगा सर्टिफिकेट समारोह में बढ़ाया गया उत्साह

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 जुलाई मिहिजाम। मिहिजाम के पी. बनर्जी रोड स्थित एफवीटीआरएस (FVTRS) ट्रेनिंग सेंटर में गुरुवार को आयोजित मेगा सर्टिफिकेट वितरण समारोह उत्साह और प्रेरणा का केंद्र बना। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 110 युवाओं को प्रमाण पत्र देकर उनके कौशल और मेहनत का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं के साथ उनके परिजन और संस्थान से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।समारोह का शुभारंभ ओंकार सेवा संस्थान के सचिव श्याम सुंदर हाजरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा ही युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्राप्त ज्ञान का बेहतर उपयोग कर अपने करियर को नई दिशा देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान डिज़ाइन डेवलपमेंट ट्रेड के 20 प्रशिक्षुओं को सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, ST Foundation के सहयोग से संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम के 90 प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल 110 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।एफवीटीआरएस के प्रभारी तरूण दत्ता ने संस्थान की प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी रहेंगे।इस अवसर पर कंप्यूटर प्रशिक्षक चिरंजीत रक्षित, रीतु देवी, सोनू मल्लिक, बुबाई मल्लिक और कुसुमलता हेम्ब्रम सहित संस्थान के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षुओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और उन्हें निरंतर सीखने तथा अपने कौशल को विकसित करते रहने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। पूरे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और सभी ने इसे युवाओं के भविष्य को संवारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *