पूजा से पहले निर्माण कारोबार पर संकट: बालू-गिट्टी की आपूर्ति बहाल करने की मांग, व्यापारियों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 31 जुलाई सलानपुर। पश्चिम बंगाल के सलानपुर प्रखंड अंतर्गत रूपनारायणपुर क्षेत्र में बालू और गिट्टी की आपूर्ति लंबे समय से बाधित रहने के कारण निर्माण गतिविधियां लगभग ठप हो गई हैं। इससे भवन निर्माण से जुड़े कारोबारियों, ठेकेदारों और श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को रूपनारायणपुर बाजार व्यवसायी एवं वेलफेयर समिति के सदस्यों ने सलानपुर के बीडीओ से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।इससे पहले व्यापारियों ने समिति कार्यालय में एक आपात बैठक आयोजित की, जिसमें मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद समिति के प्रतिनिधि विश्वनाथ रूज ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय से ही क्षेत्र में बालू और पत्थर की नियमित आपूर्ति बंद है। इसका सीधा असर पूरे निर्माण उद्योग पर पड़ा है और अधिकांश परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा डंपर से उपलब्ध कराई जा रही बालू की कीमत आम लोगों की पहुंच से बाहर है। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री द्वारा निर्धारित दरों पर सलानपुर में बालू उपलब्ध नहीं हो रही, जबकि पड़ोसी बाराबनी क्षेत्र में ट्रैक्टर से आपूर्ति जारी है। इसके विपरीत सलानपुर में ट्रैक्टरों के संचालन पर रोक होने से स्थानीय व्यापार और श्रमिकों की आजीविका प्रभावित हुई है।व्यवसायी नरेंद्रनाथ रूज ने कहा कि इस संकट का असर केवल बालू या गिट्टी के कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमेंट, सरिया, मार्बल, हार्डवेयर और रियल एस्टेट से जुड़े सभी व्यवसाय प्रभावित हुए हैं। दुर्गा पूजा से पहले व्यापारियों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।व्यापारी संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि सलानपुर क्षेत्र में बालू और गिट्टी की वैध आपूर्ति तत्काल शुरू कराई जाए। समिति ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *