न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 2 अगस्त रूपनारायणपुर। पश्चिम बंगाल के रूपनारायणपुर में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला रूपनारायणपुर फाड़ी क्षेत्र के पिठाकियारी इलाके का है, जहां बेखौफ चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के कांसे के बर्तन और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने घर के अंदर बैठकर शराब पी और नाश्ता भी किया। घटनास्थल से शराब की खाली बोतलें और चिप्स के पैकेट बरामद हुए हैं।जानकारी के अनुसार, मकान के मालिक संतोष मिश्रा रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और वर्तमान में नौकरी के सिलसिले में मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रहते हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी कोलकाता में होने के कारण मकान अधिकांश समय बंद रहता है। घर की देखभाल के लिए एक केयरटेकर नियुक्त था, जो प्रतिदिन रात में वहीं रुकता था। लेकिन 31 जुलाई की रात किसी कारणवश वह घर नहीं पहुंच सका। इसी अवसर का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़ा, पूरे घर को खंगाल डाला और बेटे की शादी में मिले कांसे के बर्तन, पूजा-पाठ में उपयोग होने वाली सामग्री तथा अन्य बहुमूल्य कांसे के सामान चोरी कर ले गए।अगली सुबह केयरटेकर ने घर पहुंचकर चोरी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही संतोष मिश्रा रविवार को सिंगरौली से रूपनारायणपुर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ गई हैं।
रूपनारायणपुर में बेखौफ चोरों का आतंक, सूने मकान में चोरी से पहले जमाई शराब की महफिल
