न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अगस्त जामताड़ा। जिले के आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए मंगलवार का दिन नई उम्मीद लेकर आया। नगर पंचायत के अध्यक्ष आशा गुप्ता की पहल पर शुरू किए गए ‘आशा कॉम्पिटेटिव इंस्टीट्यूट’ का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस निशुल्क कोचिंग संस्थान का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक अभाव के कारण अच्छे संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते।उद्घाटन समारोह में साइबर डीएसपी अमित रविदास, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, आशा गुप्ता, तरुण कुमार गुप्ता, मोहन लाल बर्मन, दुर्गा दास भंडारी और चंचल भंडारी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जबकि बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया।संस्थान की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि निशुल्क होने का अर्थ शिक्षा की गुणवत्ता में कमी नहीं है। यहां विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की गंभीर तैयारी कराई जाएगी, ताकि वे सरकारी एवं अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं में सफलता हासिल कर सकें।नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि कई मेधावी छात्र-छात्राएं आर्थिक तंगी के कारण अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते। इसी सोच के साथ इस संस्थान की शुरुआत की गई है, ताकि हर जरूरतमंद विद्यार्थी बिना आर्थिक बोझ के बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सके। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई में सहयोग देने की अपील की।इस अवसर पर साइबर डीएसपी अमित रविदास और सोमा खंडेत ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसी पहलें प्रतिभाओं को नई दिशा देने का काम करती हैं।संस्थान में आलोक कुमार गणित, सुमंत कुमार सिंह सामान्य अध्ययन, अंकित कुमार रीजनिंग और मनोज सिंह अंग्रेजी विषय का मार्गदर्शन देंगे। आयोजकों का दावा है कि अनुभवी शिक्षकों के निर्देशन में विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय तैयारी कराई जाएगी, जिससे जामताड़ा के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए बाहर जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी।
जामताड़ा में शिक्षा की नई उड़ान, ‘आशा कॉम्पिटेटिव इंस्टीट्यूट’ से जरूरतमंद छात्रों को मिलेगी निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
