स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग पर चिंनाकुड़ी में उग्र प्रदर्शन, कोलियरी गेट पर ग्राम समिति ने सौंपा ज्ञापन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 4 अगस्त कुल्टी। पश्चिम बर्धमान के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र स्थित चिंनाकुड़ी में मंगलवार को स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया। विभिन्न गांवों की संयुक्त ग्राम समिति के नेतृत्व में चिंनाकुड़ी नंबर-2 से चिंनाकुड़ी नंबर-3 कोलियरी गेट तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया और बाद में कोलियरी प्रबंधन को मांगपत्र सौंपा गया।सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बेरोजगार युवक-युवतियां हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर कोलियरी गेट पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में निजी कंपनी द्वारा कोयला उत्खनन का कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन रोजगार के मामले में स्थानीय युवाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका कहना था कि कई बार प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से इस संबंध में बातचीत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।ग्राम समिति ने तीन प्रमुख मांगें उठाईं। पहली, कोयला उत्खनन परियोजना में चिंनाकुड़ी नंबर-2 और नंबर-3 के स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए। दूसरी, कंपनी द्वारा क्षेत्र के विकास और आधारभूत सुविधाओं को लेकर किए गए वादों को जल्द लागू किया जाए। तीसरी, नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा इसमें ग्राम समिति के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने कोलियरी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्षों से इस क्षेत्र के लोग कोयला उद्योग से जुड़े रहे हैं, इसलिए रोजगार का पहला अधिकार स्थानीय युवाओं का होना चाहिए। हालांकि, इस पूरे मामले पर समाचार लिखे जाने तक कोलियरी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *