आयुष्मान दिवस पर पश्चिम बर्धमान में बड़ी पहल, एक दिन में 43 हजार लाभुकों को मिले स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 16 अगस्त आसनसोल। स्वास्थ्य सुरक्षा को जिले के हर जरूरतमंद परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को पश्चिम बर्धमान जिले में आयुष्मान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिलेभर में आयुष्मान भारत कार्ड वितरण अभियान की शुरुआत हुई। प्रशासन के अनुसार अभियान के पहले ही दिन करीब 43 हजार लाभुकों के बीच कार्ड वितरित किए गए।आसनसोल के रविंद्र भवन में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लाभुकों को औपचारिक रूप से आयुष्मान भारत कार्ड सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान कोलकाता से आयोजित आयुष्मान दिवस के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम ने बताया कि पश्चिम बर्धमान जिले में करीब 10.5 लाख प्री-फिल्ड फॉर्म प्राप्त हुए हैं। इनमें लगभग सात लाख फॉर्म की जांच प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि शेष करीब साढ़े तीन लाख फॉर्म के सत्यापन और डेटा संग्रह का काम तेजी से चल रहा है। सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र परिवारों को चरणबद्ध तरीके से कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि विभिन्न जनकल्याण शिविरों से मिले करीब डेढ़ लाख फॉर्म में से लगभग 40 हजार फॉर्म डिजिटाइज कर कार्ड तैयार करने की प्रक्रिया के लिए भेजे जा चुके हैं।प्रशासन का विशेष जोर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों पर है, ताकि कोई भी पात्र परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से वंचित न रह जाए। जिला एवं प्रखंड प्रशासन के साथ आशा कर्मियों को भी अभियान से जोड़ा गया है। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र लोगों की जानकारी जुटाने के साथ योजना के प्रति जागरूक भी कर रही हैं।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्ड नहीं मिलने से पात्र व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधा से वंचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के दायरे से बाहर रहने वाले पात्र लाभुकों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया जाएगा। उनके अनुसार, योजना का मूल आधार पात्रता है, केवल कार्ड होना नहीं।कार्यक्रम में बाराबनी विधायक अरिजीत राय, जामुड़िया विधायक बिजन मुखर्जी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अभियान के पहले दिन मिले उत्साहजनक परिणाम के बाद अब प्रशासन का लक्ष्य शेष पात्र परिवारों तक जल्द से जल्द स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *