भूमिका बदलने नहीं, व्यवस्था बदलने आए हैं: जामताड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देंगे सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र मिश्रा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 6 अगस्त जामताड़ा। जिले के नवपदस्थापित सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने बुधवार को मीडिया से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता उनकी कार्यशैली की पहचान होगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और अस्पतालों में सकारात्मक माहौल विकसित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. मिश्रा ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ सम्मानजनक और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इलाज के साथ-साथ मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका त्वरित समाधान करना भी स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाया जाएगा।उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए विभागीय स्तर पर लगातार समीक्षा की जाएगी। अस्पतालों की कार्यप्रणाली, चिकित्सकीय सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।डॉ. मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत, सुझाव या समस्या हो तो लोग बिना संकोच सीधे उनसे संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि जामताड़ा की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सभी के सहयोग से जिले में ऐसी स्वास्थ्य प्रणाली विकसित की जाएगी, जहां मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, सहज सुविधाएं और भरोसेमंद सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *