न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 6 जून 2026 जामताड़ा। जिले में नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे नवनियुक्त सहायक आचार्यों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सफल एवं अनुशंसित अभ्यर्थियों के विद्यालय आवंटन और पदस्थापन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसके तहत 8 एवं 9 जून को खुली काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें अभ्यर्थियों को अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालय चुनने का अवसर मिलेगा।उपायुक्त आलोक कुमार एवं उप विकास आयुक्त असीम किसपोट्टा के मार्गदर्शन में यह प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देशों के अनुरूप जामताड़ा जिले के विभिन्न प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में नियुक्त सहायक आचार्यों की पदस्थापना की जानी है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 1 से 5 तक के प्राथमिक विद्यालयों के लिए चयनित 108 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग 8 जून को होगी। वहीं कक्षा 6 से 8 तक के मध्य विद्यालयों के लिए चयनित 101 सहायक आचार्यों का विद्यालय चयन 9 जून को कराया जाएगा। इनमें सामाजिक विज्ञान के 58, विज्ञान एवं गणित के 21 तथा भाषा विषय के 22 अभ्यर्थी शामिल हैं।काउंसिलिंग का आयोजन समाहरणालय परिसर स्थित एसजीएसवाई हॉल, प्रशिक्षण भवन, जामताड़ा में किया जाएगा। प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी। अभ्यर्थियों के समक्ष रिक्त विद्यालयों की सूची प्रदर्शित की जाएगी और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी मेधा सूची के क्रम में विद्यालय चयन का अवसर प्रदान किया जाएगा।जिला शिक्षा अधीक्षक ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्हें अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेज तथा अन्य आवश्यक अभिलेख साथ लाने को कहा गया है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर काउंसिलिंग में शामिल नहीं होता है, तो शेष उपलब्ध रिक्त विद्यालयों में से जिला शिक्षा स्थापना समिति द्वारा विद्यालय आवंटित कर दिया जाएगा। ऐसे मामलों में बाद में किसी प्रकार के दावा, आपत्ति अथवा परिवर्तन के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली है।
8 और 9 जून को होगी सहायक आचार्यों की खुली काउंसिलिंग, मेरिट के आधार पर मिलेगा विद्यालय चयन का अवसर
