न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 6 अगस्त मिहिजाम। मिहिजाम और आसपास के इलाकों में राष्ट्रीय राजमार्ग-419 पर हिल रोड मोड़ से चित्तरंजन रेलवे स्टेशन तक रोजाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से परेशान नागरिकों ने अब प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग उठाई है। इस मुद्दे को लेकर कृष्णा राम, अभिषेक राम एवं आरज़ू खान के नेतृत्व में उपायुक्त, जामताड़ा को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील की गई है।ज्ञापन में बताया गया है कि यह सड़क मिहिजाम, चित्तरंजन और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद प्रतिदिन कई घंटों तक वाहनों की लंबी कतार लगने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को उठानी पड़ती है, जिन्हें चित्तरंजन रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़नी होती है। जाम के कारण कई लोग समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पाते और उनकी ट्रेन छूट जाती है।क्षेत्रवासियों ने यह भी कहा कि ट्रैफिक जाम केवल आम लोगों की असुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन सेवाएं भी इससे प्रभावित हो रही हैं। कई बार एंबुलेंस जाम में फंस जाती है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मुश्किलें आती हैं। वहीं स्कूल बसों, ऑटो और टोटो से आने-जाने वाले छोटे बच्चों को भी लंबे समय तक धूप और उमस में जाम झेलना पड़ता है।ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि हिल रोड मोड़ से चित्तरंजन रेलवे स्टेशन तक नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने, अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने तथा ऑटो और टोटो के लिए अलग से निर्धारित स्टैंड विकसित करने की भी मांग की गई है। नागरिकों का कहना है कि यदि इन सुझावों पर अमल किया जाता है तो इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को रोजाना की जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी।
हिल रोड मोड़ से चित्तरंजन स्टेशन तक जाम से बेहाल लोग, यातायात सुधार की मांग को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
