न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 नवंबर मिहिजाम। जे.जे.एस. डिग्री कॉलेज, मिहिजाम स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र संख्या 87017 में रविवार को जुलाई सत्र 2026 में नामांकित शिक्षार्थियों के लिए अभिप्रेरण (इंडक्शन) बैठक आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को इग्नू की अध्ययन प्रणाली, परीक्षा प्रक्रिया, असाइनमेंट, काउंसलिंग और ऑनलाइन सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देकर बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देवघर के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. हरिम कुरैशी, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कृष्ण मोहन साह तथा अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. पूनम कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान डॉ. पूनम कुमारी ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही परामर्शदाताओं, अभिभावकों, शिक्षार्थियों एवं अन्य उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए उनका परिचय कराया।अपने संबोधन में डॉ. पूनम ने इंडक्शन मीटिंग की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इग्नू का लक्ष्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।मुख्य वक्ता डॉ. हरिम कुरैशी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुतीकरण करते हुए शिक्षार्थियों को इग्नू की ऑनलाइन सेवाओं से अवगत कराया। उन्होंने वेबसाइट www.ignou.ac.in के जरिए परीक्षा कार्यक्रम, पंजीयन संबंधी त्रुटियों का सुधार, माइग्रेशन, पाठ्यक्रम, असाइनमेंट तथा मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी। उन्होंने ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने के लिए ओएएमएस की प्रक्रिया भी समझाई।अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. कृष्ण मोहन साह ने विद्यार्थियों को पिछले तीन वर्षों के प्रश्नपत्रों का नियमित अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने छात्रहित में अध्ययन केंद्र पर नए परामर्शदाताओं के आवेदन हेतु पोर्टल सक्रिय करने, इतिहास, समाजशास्त्र एवं लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने तथा छात्र संख्या के अनुरूप सहायक समन्वयक और तृतीय वर्ग के कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग उठाई।मंच संचालन प्रो. रंजीत कुमार यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक समन्वयक प्रो. सतीश कुमार शर्मा ने किया। मौके पर संजय कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, अमिता सिंह, देवकी पंजियारा, कृष्ण कुमार द्विवेदी, पूर्व प्राचार्य शिवजी खान, उपेन्द्र कुमार पाण्डेय, नवल किशोर सिंह, उत्तम कुमार दत्ता, कुमारी रेखा शर्मा, रीता कुमारी एवं अमित कुमार मिस्त्री सहित सैकड़ों शिक्षार्थी और अभिभावक उपस्थित थे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इग्नू की अभिप्रेरण बैठक में नए शिक्षार्थियों को मिला सफलता का मंत्र, बेहतर शिक्षा के लिए साझा की गईं महत्वपूर्ण जानकारियां
