छठ महापर्व से पहले चमका कांगोई तालाब, निजी खर्च से सफाई कराकर रंजीत प्रसाद ठाकुर ने पेश की मिसाल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 नवंबर मिहिजाम। लोक आस्था के महापर्व छठ और दीपावली को लेकर मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में वार्ड संख्या 15 के कांगोई स्थित तालाब की तस्वीर बदलने की पहल की गई है। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि रंजीत प्रसाद ठाकुर ने नगर परिषद की ओर से इंतजार करने के बजाय अपने निजी खर्च पर तालाब की साफ-सफाई का अभियान शुरू कराया है। उनकी इस पहल से तालाब परिसर का स्वरूप निखरने लगा है और स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है।रंजीत प्रसाद ठाकुर ने मजदूरों को लगाकर तालाब में लंबे समय से जमा गाद, जलकुंभी, घास-फूस और कचरे को बाहर निकलवाया। इसके अलावा छठ घाटों की सफाई के साथ श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों को भी व्यवस्थित कराया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।इस संबंध में रंजीत प्रसाद ठाकुर ने कहा कि कांगोई तालाब केवल जलस्रोत नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। यहां प्रत्येक वर्ष सैकड़ों माताएं-बहनें छठ व्रत करती हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। इसी भावना से उन्होंने अपने स्तर पर सफाई का बीड़ा उठाया है।उन्होंने आगे बताया कि छठ महापर्व से पहले तालाब में पर्याप्त पानी भरवाने के साथ रोशनी और सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी कराई जाएगी।वहीं, स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वार्ड में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों का मानना है कि सार्वजनिक स्थलों की देखभाल के लिए ऐसी व्यक्तिगत पहल समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *