गम्हरिया थाना दुष्कर्म कांड पर भाजपा का फूटा गुस्सा, मां चंचला चौक पर हेमंत सोरेन का पुतला दहन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 नवंबर जामताड़ा। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना में शिकायत लेकर पहुंची महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर भाजपा ने झारखंड सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जामताड़ा के मां चंचला चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए गए।इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने कहा कि थाना जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर ही यदि किसी पीड़ित महिला की अस्मिता खतरे में पड़ जाए तो इससे अधिक चिंताजनक स्थिति क्या होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा महिला मोर्चा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगा।जिला मंत्री आभा आर्या ने कहा कि न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंची महिला के साथ ऐसी घटना होना पूरे पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने कहा कि आरोपी पुलिसकर्मी को केवल निलंबित करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और कठोर सजा सुनिश्चित की जानी चाहिए।वहीं, गीता मंडल ने घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करने वाली सरकार को पहले अपनी व्यवस्था में जवाबदेही तय करनी चाहिए।कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष संतन मिश्रा, भाजपा नेता तरुण गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा, अबीता हांसदा, नियति सिन्हा, रीना दास, विरमा देवी, रानी देवी, रुमा देवी, कल्याणी देवी, सुनीता राउत, प्रदीप राउत, पिंटू गुप्ता, राजेश यादव, लोकेश महतो, प्रवीण मिश्रा, गिरधारी मंडल, सुबोजीत मंडल, ब्रजेश राउत, लखिन्द्र सिंह, चंचल, बापी दास, आकाश साव, विनोद चौबे और राजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *