विद्यासागर स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल पर चोरों का धावा, एक आरोपी दबोचा; दूसरा फरार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 नवंबर जामताड़ा। विद्यासागर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर भागने की कोशिश कर रहे एक युवक को आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान देवघर जिले के मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरलीपहाड़ी निवासी बादल अंसारी के रूप में हुई है। हालांकि, उसका एक कथित सहयोगी अताउल अंसारी मौके से फरार होने में सफल रहा।घटना रविवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। आसनसोल-जसीडीह पैसेंजर ट्रेन संख्या 63561 विद्यासागर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची थी। इसी दौरान अचानक स्टेशन पर चोर-चोर का शोर सुनाई दिया। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। वहां अखिल दत्ता नामक यात्री एक युवक को पकड़े हुए थे। उन्होंने जवानों को बताया कि ट्रेन से उतरते समय युवक ने उनका वीवो मोबाइल चोरी कर लिया था।इसी बीच ट्रेन में यात्रा कर रहे दूसरे यात्री मंसूर आलम ने भी बादल अंसारी पर अपना सैमसंग मोबाइल गायब करने का आरोप लगाया। आरपीएफ द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के पास से वीवो मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में उसने दोनों मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि सैमसंग फोन अपने साथी अताउल अंसारी को सौंप दिया है। दोनों मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।आरपीएफ ने आरोपी को अगली ट्रेन से मधुपुर जीआरपी के हवाले कर दिया। अखिल दत्ता की लिखित शिकायत पर जीआरपी मधुपुर ने कांड संख्या 71/26, दिनांक 1 नवंबर 2026 के तहत बादल अंसारी और अताउल अंसारी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 305(c), 317(2) एवं 3(5) में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बरामद मोबाइल जब्त कर लिया है और फरार आरोपी अताउल अंसारी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *