लगातार बारिश में मिहिजाम थाना का जर्जर छज्जा गिरा, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 18 अगस्त मिहिजाम। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच मिहिजाम थाना भवन की जर्जर हालत एक बार फिर सामने आ गई। बारिश के कारण मंगलवार को थाना भवन के बाहरी हिस्से का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। संयोगवश जिस समय छज्जा गिरा, उस वक्त वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। ऐसे में एक बड़ा हादसा टल गया।घटना के बाद थाना परिसर में कार्यरत पुलिसकर्मियों में चिंता का माहौल है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि थाना भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में है और बारिश के मौसम में इसकी समस्या और गंभीर हो जाती है। छत और दीवारों से पानी का रिसाव होना यहां आम बात बन चुकी है।जानकारी के अनुसार, हल्की बारिश होने के बाद ही थाना भवन के विभिन्न कमरों की छत से पानी टपकने लगता है। विशेष रूप से थाना का सिरिस्ता और कंप्यूटर रूम बारिश के दौरान प्रभावित हो जाते हैं। लगातार पानी रिसने से भवन की स्थिति को लेकर पुलिसकर्मियों के बीच सुरक्षा संबंधी आशंका बनी रहती है। महत्वपूर्ण दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के भी क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।मंगलवार को छज्जा गिरने की घटना ने थाना भवन की जर्जर स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।बारिश के दौरान छज्जा गिरने की घटना के बाद अब थाना भवन की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के साथ-साथ थाना में आने वाले आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी भवन की शीघ्र मरम्मत जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *