श्रावणी मेले की तैयारियों में जुटा देवलेश्वर धाम, विपद तारिणी व्रत पर श्रद्धालुओं की सुविधा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 जुलाई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र देवलेश्वर धाम में रविवार को आगामी विपद तारिणी व्रत तथा 18 जुलाई से प्रारंभ होने वाले श्रावणी मेला की व्यापक तैयारियों को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूजा-अर्चना, सुरक्षा, व्यवस्था और सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई अहम निर्णय लिए गए।बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष राम हांसदा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि नाला, कुंडहित, फतेहपुर समेत पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु विपद तारिणी व्रत के अवसर पर देवलेश्वर धाम पहुंचते हैं। ऐसे में सभी व्रतियों को व्यवस्थित एवं कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराकर शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न कराने की योजना बनाई गई है। साथ ही प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी सुव्यवस्थित रहेगी।बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन सूर्योदय से सूर्यास्त तक हरिनाम संकीर्तन का आयोजन होगा। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे पूरे माह धार्मिक वातावरण बना रहेगा। समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, लाउडस्पीकर, यातायात प्रबंधन, अस्थायी कार्यालय तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी सहमति जताई।श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर में अलग-अलग बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि महिला एवं पुरुष श्रद्धालु क्रमवार गर्भगृह तक पहुंचकर आसानी से पूजा कर सकें। समिति के प्रत्येक सदस्य को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें। साथ ही प्रशासन से आवश्यक सहयोग लेने तथा मंदिर परिसर के भीतर पूजा सामग्री एवं अन्य दुकानों के संचालन पर रोक लगाने का भी निर्णय लिया गया, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही बाधित न हो।बैठक में समिति के सचिव मागाराम विद, कोषाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार विद, नित्य गोपाल माजी, मंटू मोहन पाल, समीर कुमार नंदी, विभिषण पाल, विजयानंद झा, बालक हांसदा, प्रभाकर पाल, रामप्रसाद राय, हिरालाल मंडल, जयसिंह सोरेन, प्रकाश चंद्र माजी, हाराधन कर, पल्लव कुमार पाल, साधन कुमार दास, लक्ष्मण चंद्र ठाकुर एवं पूरण भंडारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *