न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 जुलाई 2026 देवघर। आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों के मद्देनजर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के द्वारा देवघर सदर अस्पताल का विस्तृत औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, आपातकालीन व्यवस्था तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं का गहन जायजा लिया गया। समीक्षा में अस्पताल की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, हालांकि श्रावणी मेले के दौरान लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा गया कि अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती तथा आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। उद्देश्य यह है कि श्रावणी मेला के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और स्थानीय मरीज को बिना किसी परेशानी के त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन श्रावणी मेले को लेकर विशेष कार्ययोजना पर काम कर रहे हैं। अस्पताल में अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन वार्ड की क्षमता बढ़ाने तथा मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में बाहरी हस्तक्षेप को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। जानकारी मिलने पर कि कुछ राजनीतिक तत्व अस्पताल की कार्यप्रणाली में अनावश्यक दखल देने तथा भ्रामक माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमों के अनुरूप सख्त कार्रवाई की जाए। अस्पताल परिसर में अनुशासन और सुचारु व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।इस अवसर पर कहा गया कि स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह जनहित और मानव सेवा से जुड़ा विषय हैं, इसलिए इन्हें किसी भी प्रकार की राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से श्रावणी मेले में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
श्रावणी मेले से पहले देवघर सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष फोकस, निरीक्षण के बाद हाईटेक सुविधाओं के निर्देश
