न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 नवंबर जामताड़ा। जिले में रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 कड़ी प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई। परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी और कदाचार की गुंजाइश न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने वरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान अधिकारियों ने जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, एडवर्ड इंग्लिश स्कूल तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय पबिया स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में हो रही गतिविधियों की निगरानी व्यवस्था देखी और संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षार्थियों पर लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।डीसी और एसपी ने केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों तथा प्रतिनियुक्त कर्मियों को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारी निभाने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की विश्वसनीयता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई होगी।जिले के कुल 20 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा की पहली पाली में कक्षा छह से आठ तक के उच्च प्राथमिक स्तर के 5984 अभ्यर्थियों में से 5373 ने परीक्षा दी, जबकि 611 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उपस्थिति 89.79 प्रतिशत दर्ज की गई।वहीं, दूसरी पाली में कक्षा एक से पांच तक के प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 2772 अभ्यर्थियों में से 2595 शामिल हुए और 177 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 93.61 प्रतिशत रही। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 7968 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, पुलिस उपाधीक्षक नीलम कुजूर, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, एसडीपीओ वसीम रजा सहित अन्य अधिकारी एवं केंद्रों के संबंधित कर्मी मौजूद थे।
जामताड़ा में कड़ी निगरानी के बीच संपन्न हुई JTET परीक्षा, 20 केंद्रों पर उमड़े अभ्यर्थी; दोनों पालियों में 7968 परीक्षार्थी शामिल
