जेपीएससी जेएसएससी आंदोलन की गूंज पहुंची जामताड़ा, छात्रों ने सरकार से मांगा निष्पक्ष समाधान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 अगस्त जामताड़ा। रांची में चल रहे जेपीएससी जेएसएससी आंदोलन को लेकर शनिवार को जामताड़ा में छात्रों ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखीं। छात्रों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों से जुटे हजारों युवाओं के भविष्य पर परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े विवादों का प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को पूरे मामले का जल्द से जल्द पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान निकालना चाहिए।प्रेस वार्ता के दौरान छात्रों ने कहा कि झारखंड के युवा सरकारी नौकरियों की उम्मीद में लंबे समय से कड़ी मेहनत कर रहे हैं। लेकिन परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया में उत्पन्न विवादों के कारण अभ्यर्थियों के बीच असमंजस और चिंता का माहौल है। छात्रों ने मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर परीक्षा, परिणाम तथा नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाए।छात्र निर्भय मंडल ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा समयबद्धता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद युवा अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता में नहीं रह सकते। सरकार को ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे किसी भी मेहनती अभ्यर्थी के साथ अन्याय न हो।वहीं छात्र राकेश मंडल ने सरकार से आंदोलनरत छात्रों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को सुनकर बातचीत के माध्यम से समाधान निकाला जाना चाहिए।भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कुणाल सिंह ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य राज्य के विकास से जुड़ा है। सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए आंदोलनरत अभ्यर्थियों की समस्याओं पर ठोस पहल करनी चाहिए।प्रेस वार्ता के माध्यम से छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार से जेपीएससी जेएसएससी से जुड़े विवादों का शीघ्र समाधान कर परीक्षा एवं नियुक्ति प्रक्रिया को स्पष्ट और पारदर्शी बनाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *