सेंट एंथोनी स्कूल में गुरुदेव को नमन, रवीन्द्र संगीत से गूंजा विद्यालय परिसर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 अगस्त जामताड़ा। नगर स्थित सेंट एंथोनी विद्यालय में महान साहित्यकार, कवि, दार्शनिक एवं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित गुरुदेव रविन्द्रनाथ ठाकुर की पुण्यतिथि श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर विद्यालय परिवार ने गुरुदेव के साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।कार्यक्रम की शुरुआत रविन्द्रनाथ ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी, निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, प्राचार्य लारेब खान, शैक्षणिक प्रमुख दीपक कुमार मंडल, उप-प्राचार्य उत्पल मंडल तथा विजन-ई सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी समेत शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने गुरुदेव को श्रद्धासुमन अर्पित किए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने कहा कि रविन्द्रनाथ ठाकुर का व्यक्तित्व साहित्य तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने शिक्षा, कला, संस्कृति और मानव मूल्यों के क्षेत्र में भी अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुदेव के विचारों को आत्मसात करते हुए ज्ञान और संस्कार के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि गुरुदेव भारतीय साहित्य और संस्कृति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिनकी रचनाओं में प्रेम, करुणा, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश मिलता है। उनके विचार आज भी युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन कर रहे हैं।श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रवीन्द्र संगीत और अन्य गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। संगीत की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया और विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से गुरुदेव के प्रति सम्मान व्यक्त किया।अंत में प्राचार्य लारेब खान ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की पुण्यतिथि पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को उनके जीवन, विचार और आदर्शों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *