मिहिजाम में गूंजा ‘गुरु रविदास’ का जयघोष, पवित्र रज कलश के साथ निकली भव्य वंदन यात्रा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 अगस्त मिहिजाम। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को मिहिजाम नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बनारस-काशी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र रज कलश का मिहिजाम स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर में विधिवत स्वागत किया गया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयघोष के बीच भव्य कलश वंदन यात्रा निकाली गई।श्री गुरु रविदास सेवा समिति, मिहिजाम (चित्तरंजन पोखरतला गांधीनगर) के नेतृत्व में निकली यह यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर मिहिजाम बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरी। श्रद्धालुओं ने पवित्र रज कलश के दर्शन कर संत रविदास जी के आदर्शों को स्मरण किया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में माता-बहनों और समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाजार क्षेत्र में भी लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।यात्रा पुनः श्री गुरु रविदास मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान जामताड़ा जिले के सभी 16 मंडलों को पवित्र रज कलश प्रदान किया गया, ताकि संत रविदास जी की जन्मस्थली से जुड़ी इस पवित्र स्मृति को विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जा सके।कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, समिति के सेवायत लक्ष्मी दास, राजकुमार दास, घनश्याम दास, महादेव दास, गंगा दास, सामू दास, बाबूराम, पप्पू दास, अमर दास, जय कुमार दास, संजू देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।कार्यक्रम के संयोजक अभय सिंह, मिहिजाम नगर अध्यक्ष लोकेश महतो, सह-संयोजक प्रकाश रजक, सुजाता सिंह भैया एवं भोलानाथ सिंह के अलावा जिले के सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल टोली के सदस्य और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यात्रा में भाग लेकर आयोजन को भव्य बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *