एथोरा के जलाशय में डूबने से 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत, गांव में पसरा मातम

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 9 अगस्त सालानपुर। सालानपुर थाना क्षेत्र के एथोरा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 41 वर्षीय व्यक्ति की जलाशय में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान एथोरा गांव निवासी चिन्मय दे के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।जानकारी के अनुसार, मयसामुरा से एथोरा गांव जाने वाली सड़क के किनारे स्थित जलाशय के पास रविवार को चिन्मय दे गए थे। इसी दौरान अचानक वे पानी में गिर गए। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों की नजर जलाशय में तैरते व्यक्ति पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास शुरू किया और घटना की सूचना सालानपुर थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद चिन्मय दे को जलाशय से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया।पुलिस के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक मामला पानी में आकस्मिक रूप से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।चिन्मय दे की अचानक हुई मौत की खबर से एथोरा गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *