न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 9 अगस्त जामताड़ा। जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत सुदाक्षीपुर पंचायत से पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क सड़क करीब एक दशक से बदहाली का दंश झेल रही है। लंबे समय से स्थायी मरम्मत नहीं होने के कारण बरसात में सड़क की हालत और भी खराब हो गई है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अब उपायुक्त को आवेदन सौंपकर सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।ग्रामीणों के मुताबिक सुदाक्षीपुर से बंगाल को जोड़ने वाली इस सड़क का निर्माण लगभग दस वर्ष पूर्व कराया गया था। निर्माण के बाद से सड़क की समुचित और स्थायी मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल यात्रियों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है। फिसलन के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के गड्ढों को कई बार स्थानीय स्तर पर मिट्टी डालकर भरने का प्रयास किया गया, लेकिन बारिश के बाद कुछ ही दिनों में स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क पथ है। इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, मरीज और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीण गुजरते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं से कई बार शिकायत की गई। विधायक तक मामला पहुंचाने और जल्द समाधान का आश्वासन भी मिला, लेकिन धरातल पर अब तक कोई स्थायी पहल नहीं हुई।अब ग्रामीणों ने उपायुक्त से सड़क की स्थिति का स्थल निरीक्षण कराकर पक्की मरम्मत या नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है। आवेदन पर आलोक कुमार मंडल समेत कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क पर विकास का काम दिखाई देना चाहिए।
दस साल से जर्जर सड़क, बारिश में बढ़ी मुसीबत; अब ग्रामीणों ने डीसी से लगाई गुहार
